स्कूल व कॉलेज के मैदान को बेचने का ग्रामीणों ने किया विरोध, सड़क जाम,
हवेली खडगपुर।
प्रखंड क्षेत्र के प्रसंडो गांव स्थित मोतीलाल आर्यावर्त उच्च विद्यालय के खेल मैदान को बेचने के विरोध में ग्रामीणों एवं छात्रों ने खडगपुर- बरियारपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल के मैदान को नाजायज तरीके से बिक्री किए जाने के विरोध में खड़क जाम किया गया है। उन्होंने बताया कि हम लोग युवा बच्चे और छात्रों को खेलने और प्रतियोगिता दौड़ व सेना पुलिस की तैयारी करने के लिए एकमात्र यही मैदान है।
जिसको मौखिक रूप से खेलने के लिए ही छोड़ा गया था। गांव के हरिवंश सिंह ने भू माफियाओं के साथ मिलकर स्कूल के खेल के मैदान को बेच दिया। यह मैदान एकमात्र हम लोगों के खेलने का मैदान है। जिसको किसी भी कीमत पर बेचने नहीं दिया जाएगा। जाम होने की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों तथा छात्रों को समझाया। वे जाम हटाने को तैयार नहीं हुए।
अनुमंडल अधिकारी आदित्य कुमार झा मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों एवं छात्रों को आश्वासन दिया कि इस मैदान को खेल का मैदान ही रहने दिया जाएगा। अनुमंडल अधिकारी के समझाने के बाद ग्रामीण एवं छात्रों ने 3 घंटे से लगे जाम को हटाया। सड़क जाम रहने के कारण इस सड़क मार्ग से आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।