यात्रियों से भरे टाटा-407 हाइवा के धक्के से पलटा, रेलकर्मी की मौत व कई घायल,
हवेली खड़गपुर।
हवेली खड़गपुर बरियारपुर मुख्य पथ पर शामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनारसी बासा महादलित टोला के समीप यात्रियों से भरे टाटा-407 में पीछे से हाइवा के धक्के मार देने से टाटा-407 के पलटने से रेलकर्मी की मौत हो गई व अन्य कई यात्री घायल हो गए।

दी गई जानकारी के अनुसार शामपुर थाना क्षेत्र के बनारसी बासा महादलित टोला के पास शनिवार की सुबह हाइवा के द्वारा पीछे से यात्रियों से भरी टाटा-407 में धक्का मार देने से पलट गयी। वाहन पर सवार रेल कारखाना जमालपुर के रेलकर्मी सुखदेव टूडु (50 वर्ष) की मौत हो गई। आधा दर्जन से ज्यादा यात्री जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए खड़गपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यात्रियों को लेकर टाटा-407 वाहन खड़गपुर से बरियारपुर जा रही थी। बनारसी बासा के पास चालक वाहन को रोककर यात्री को उतार रहा था। इस बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे हाइवा ने वाहन को धक्का मार दिया। वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गया। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। यात्री किसी तरह वाहन से निकले। सूचना मिलने के बाद शामपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। धक्का मारने के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया।