आकाशीय बिजली गिरने से 20 वर्षीय युवक की मौत, एक अन्य घायल,
संग्रामपुर।रविवार की संध्या करीब 4:00 बजे थाना क्षेत्र के केंदुआ गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक भी घायल हो गया। जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार निलेश कुमार पिता विद्यानंद सिंह जो बेलहर थाना क्षेत्र के बघौनीया गांव का निवासी था, बचपन से ही अपने ननिहाल केंदुआ गांव में रहता था। रविवार को अपने ममेरे भाई दीपक कुमार के साथ मूंग खेत में गया हुआ था। अचानक मौसम बिगड़ता देख वह खेत से घर की ओर जाने के लिए निकला। इसी बीच ठनका गिरने से वह अचेत होकर गिर गया। साथ में मौजूद ममेरा भाई दीपक कुमार को भी झटका लगा। दीपक के द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि निलेश अचेत होकर खेत में गिरा हुआ है। उसे उठाकर स्थानीय लोगों एवं परिजनों के द्वारा आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर लाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि दीपक कुमार का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। मृतक के मामा राजेश कुमार ने बताया कि निलेश काफी मेहनती लड़का था। पढ़ाई में भी वह काफी तेज था। साथ ही साथ घर के कामकाज में भी सहयोग करता था। घटना को लेकर केंदुआ गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिजनों को अंचल अधिकारी स्नेहा सत्यम ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग से निर्धारित सहायता राशि मृतक के परिजनों को मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए उनके द्वारा सारी कागजी प्रक्रिया पूरी कर जिला मुख्यालय मुंगेर भेज दिया जाएगा। वहां से सभी कागजात बांका जिला भेजा जाएगा। बाद में अंचल कार्यालय बेलहर के द्वारा मृतक के परिजनों को चार लाख की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।