खास खबर मुंगेर

बिहार दिवस सह अंग महोत्सव 2023 के आयोजन को ले समीक्षा बैठक,

272 Views

 बिहार दिवस सह अंग महोत्सव 2023 के आयोजन को ले समीक्षा बैठक,

 मुंगेर।

आगामी 20 से 22 मार्च को बिहार दिवस सह अंग महोत्सव 2023 के आयोजन को लेकर सोमवार को संग्रहालय सभागार में समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सफल आयोजन और उसकी तैयारियों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गयी। अपर समाहर्ता अमरेन्द्र शाही, उप विकास आयुक्त संजय कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी यतीन्द्र कुमार पाल, सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी  थे।

 उप विकास आयुक्त ने कहा कि विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी बिहार दिवस सह अंग महोत्सव 2023 को संयुक्त रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम शुरूआत की पूर्व संध्या पर गंगा महाआरती का भी आयोजन किया जाना है। 20 मार्च को पोलो मैदान से प्रभात फेरी के साथ युवा शक्ति पर आधारित संकल्पना विषय पर बिहार दिवस सह अंग महोत्सव का आगाज किया जाएगा।  प्रभात फेरी में सभी लोगों के लिए टी-शर्ट और टोली की भी व्यवस्था की जाएगी जिसे पहन कर सभी भाग लेंगे। इसका उद्देश्य आमजन तक बिहार दिवस की महत्ता को स्पष्ट करना तथा लोगों को इसके लिए जागरूक करना है। प्रभात फेरी में सभी शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं को सम्मिलित कराने हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। युवाओं की सक्रिय सहभागिता के लिए स्थानीय काॅलेजों आईटीआई, इंजीनियरिंग एवं पाॅलिटेकनिक काॅलेजों के युवाओं को इस कार्यक्रम में सहभागित सुनिश्चित कराने को कहा गया। नगर क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न चैक चैराहों पर स्थित महापुरूषों की प्रतिमा स्थलों की साफ सफाई, सजावट एवं माल्यार्पण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।

सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए 5 सदस्यीय कमेटी के गठन करने का निर्देश दिया। सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए स्थानीय कलाकारों के साथ साथ महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के कलाकारों का चयन कमेटी के सदस्यों द्वारा किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए इच्छुक कलाकार ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं, इसके लिए वे गुगल फाॅर्म पर जा कर आवेदन कर सकते हैं। स्कूली छात्र-छात्राओं तथा प्रतिभावान कलाकारों को उनके प्रदर्श के आधार पर प्राथमिकता दिया जाएगा। कार्यक्रम को न सिर्फ मुख्यालय स्तर पर बल्कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर भी किया जाएगा। साथ ही इस अवसर पर ख्यातिप्राप्त नामचीन कलाकारों का चयन एवं उनके आगमन पर भी निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावे जीविका दीदियों के द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित कराने को कहा गया।

पोलो मैदान स्थित मुख्य समारोह स्थल पर विभिन्न प्रकार के स्टाॅलों को लगाने का निर्देश दिया गया। जिसमें पुस्तक केस संबंधित स्टाॅल भी लगाए जाएंगे। इसके लिए विभिन्न प्रकाशकों के पुस्तकों को लोगों के समक्ष रखा जाएगा जिससे लोग उसका लाभ ले सकें। इसके अलावे फुड स्टाॅल भी लगाने का निर्णय लिया गया है जिसमें खाद्य सामग्रियों के साथ साथ बिहारी व्यंजनों को विशेष रूप से प्राथमिकता के आधार पर लगाए जाए ताकि लोग इसके स्वाद का लुत्फ उठा सकें। जीविका दीदियों को इसके लिए विशेष रूप से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। सरकारी कार्यालयों की सजावट, रक्तदान शिविर, वृक्षा रोपण, हास्य कवि सम्मेलन आदि के सफल संचालन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया। इसके अलावे इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर अपने स्तर से कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *